फतेहपुर ( वंदना टाईम्स)। हुसेनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में 29 अगस्त को शराब ठेके के पास मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मंगलवार को परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे। न्याय की मांग को लेकर मृतक के बूढ़े पिता ने कलेक्ट्रेट के सामने माथा टेककर अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई। परिजनों ने हत्यारोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उनकी संपत्ति कुर्क कर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि शराब ठेके के पास हुए घटनाक्रम में मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में बेटे के सामने पिता को गोलियों का सामना करना पड़ा। वारदात के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके बावजूद पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को आरोपितों से खतरा बना हुआ है।
परिजनों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने, अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई करने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, जीविकोपार्जन के लिए आर्थिक सहायता और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग की गई।
कलेक्ट्रेट परिसर में मृतक के पिता की भावुक स्थिति देखकर माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में निष्पक्ष जांच के साथ कठोर कार्रवाई की गुहार लगाई। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है और वे आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
