खरगे की रैली स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर निकाला मार्च
फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद उनके कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण और इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज से कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर स्वयं को दलितों और वंचित वर्गों का हितैषी बताती है, जबकि दूसरी ओर छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देने वाली घटनाओं पर कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरगे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन इसके विपरीत राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि इस घटना से भाजपा और आरएसएस की कथित जातिवादी मानसिकता उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी छुआछूत जैसी मानसिकता का बने रहना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान सामाजिक समानता और सभी नागरिकों को समान अधिकार देने की बात करता है। ऐसे में किसी भी प्रकार का जातीय भेदभाव स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान वरिष्ठ नेता शेख एजाज अहमद, सुधाकर अवस्थी, राजेंद्र लोधी, राजीव लोचन निषाद, इंजी. देवी प्रकाश दुबे, आदित्य श्रीवास्तव, राम नरेश महराज, सैयद सहाब अली, चौधरी मोइन राइन, निजामुद्दीन, ओम प्रकाश कोरी, अजय बच्चा, इशरत खान, राजू भाई, अब्दुल रज्जाक, उस्मान बेग, नजमी कमर, अमीरउजजमा खान, धर्मेंद्र सिंह, हम्माद हुसैन, नाजिम राइन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
