जिंदपुर टोल प्लाजा पर तिरंगा यात्रा के दौरान हंगामा, मारपीट में चार टोलकर्मी घायल

फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। ललौली थाने के जिंदपुर टोल प्लाजा पर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन की तिरंगा यात्रा के पहुंचने के दौरान हंगामा हो गया। आरोप है कि टोल की बूम तोड़कर वाहन निकालने को लेकर टोल कर्मियों और रैली में शामिल लोगों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें चार टोलकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है।बताया गया कि भारतीय किसान यूनियन के संगठन मंत्री बच्ची लाल फौजी की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। यात्रा दोपहर करीब एक बजे जिंदपुर टोल प्लाजा पहुंची। आरोप है कि कुछ लोगों ने टोल की लाइन में लगी बूम को तोड़ते हुए वाहन निकालने का प्रयास किया। टोल कर्मियों द्वारा रोकने पर कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद रैली में मौजूद कुछ लोगों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हंगामे के दौरान टोल से वाहनों का आवागमन बिना रोकटोक होने लगा। सूचना पर शाह चौकी और ललौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
टोल प्लाजा के प्रोपराइटर अंश जायसवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद टोल कर्मी के साथ मारपीट होती रही। उन्होंने शाह चौकी पुलिस से सहयोग मांगे जाने पर कथित तौर पर उचित सहयोग नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। अंश जायसवाल ने बताया कि घटना के संबंध में ललौली थाने में लिखित तहरीर दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

जमीन के लिए रिश्ते हुए तार-तार, विधवा ने जेठ पर लगाया बुजुर्ग ससुर की जमीन हड़पने का आरोप

सीएमओ की कार्यशैली के विरोध में चिकित्साधिकारियों का सामूहिक ज्ञापन, सुधार नहीं होने पर प्रशासनिक प्रभार छोड़ने की चेतावनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *