फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। जाफरगंज थाना क्षेत्र के दलेलखेड़ा गांव में जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। एक विधवा ने अपने जेठ पर 80 वर्षीय ससुर को इलाज कराने के बहाने ले जाकर उनकी जमीन का कथित रूप से बैनामा अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता अफसाना पत्नी स्वर्गीय सगीर अहमद के अनुसार, उसके ससुर सत्तार खां की उम्र करीब 80 वर्ष है और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। आरोप है कि जेठ रहीस अहमद इलाज कराने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गया और गाटा संख्या 816 व 812 की जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया।
अफसाना का कहना है कि गाटा संख्या 812 की भूमि का पंजीकृत वसीयतनामा पहले से उसके पक्ष में था। खतौनी निकलवाने के बाद उसे कथित बैनामे की जानकारी हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बैनामे में जिन चेकों का उल्लेख किया गया है, उनका कोई भुगतान भी नहीं हुआ।
पीड़िता के मुताबिक, पति की मौत के बाद वह अपने बुजुर्ग ससुर की देखभाल कर रही है। आरोप है कि जेठ ने परिवार की जमीन और मकान पर कब्जा करने की नीयत से कथित तौर पर यह बैनामा कराया। मामले में पीड़िता ने डीएम से जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
