फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। प्रयागराज की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को हथगांव विकास खंड में तैनात संविदाकर्मी नरेगा ऑपरेटर हाफिजुर रहमान को 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा सुरजीपुर के प्रधान संतोष कुमार यादव ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान कराने के एवज में नरेगा ऑपरेटर द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। इसकी शिकायत उन्होंने दो दिन पहले एंटी करप्शन टीम से की थी।
सोमवार को पहले से सिविल ड्रेस में ब्लॉक परिसर में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही प्रधान ने ऑपरेटर को 50 हजार रुपये दिए और टीम को संकेत दिया, अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑपरेटर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 हजार रुपये बरामद किए गए, जिसके बाद टीम उसे अपने साथ पूछताछ और विधिक कार्रवाई के लिए ले गई।
घटना के बाद ब्लॉक परिसर में पूरे दिन चर्चाओं का माहौल बना रहा। मामले में एंटी करप्शन टीम आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
