फतेहपुर (वंदना टाईम्स)। किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के आंदोलन के बाद विद्यालय की व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार शुरू हो गया है। लंबे समय से पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के साथ-साथ समाजसेवियों और दानदाताओं ने भी विद्यालय की समस्याओं के समाधान की पहल की है। इसी क्रम में मेरठ की बिरला एयरकॉन कंपनी द्वारा विद्यालय को 150-150 लीटर क्षमता के दो आरओ वाटर कूलर उपलब्ध कराए गए हैं।कंपनी के प्रबंध निदेशक पी.के. जैन के सहयोग से करीब दो लाख रुपये की लागत से आरओ प्लांट स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके पूरा होने के बाद छात्र-छात्राओं को शुद्ध पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।विद्यालय परिसर में शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। साथ ही खेल मैदान की साफ-सफाई कर उसे व्यवस्थित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रदर्शन के बाद विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो गया है।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने व्यवस्थाओं में हो रहे सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं सहयोग देने वाली कंपनी का आभार जताया है। छात्रों का कहना है कि यदि इसी तरह विद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहीं तो पढ़ाई का माहौल और अधिक बेहतर होगा। छात्र आंदोलन के बाद कॉलेज में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है।
