सर्वोदय इंटर कॉलेज में प्रदर्शन के बाद हाईस्कूल की छात्रा लापता, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फतेहपुर(वंदना टाईम्स)। किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद हाईस्कूल की एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की गुमशुदगी से परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों की तहरीर पर किशनपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सर्वोदय इंटर कॉलेज की हाईस्कूल की छात्रा पारुल यादव मंगलवार को कॉलेज में पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर हुए छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन में शामिल थी। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने किशनपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और उसके परिचितों व अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 28 जुलाई को छात्रा घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर के आधार पर किशनपुर थाने में गुमशुदगी एवं संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा स्कूल जाने के दौरान अपने एक मित्र के घर गई थी। वहां उसने कार्यक्रम में जाने के लिए कपड़े बदलने की बात कही, लेकिन मित्र की मां ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद छात्रा स्कूल ड्रेस में ही वहां से निकल गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छात्रा को अंतिम बार सुबह करीब 9:30 बजे किशनपुर बस स्टॉप पर देखा गया, जहां उसके हाथ में एक बैग भी था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए छात्रा की सकुशल बरामदगी के प्रयास कर रही है।

More From Author

धरना खत्म, लेकिन सवाल बाकी—क्या बुनियादी सुविधाओं के लिए भी करना होगा प्रदर्शन?

धाता ब्लॉक के सधुवापुर में सपा का जनसंपर्क कार्यक्रम, 2027 में अखिलेश सरकार बनाने की अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *