सपा विकास के पैसों से सैफई में कराती थी नाच गाना-योगी आदित्यनाथ
-सपा पर हमलावर मुख्यमंत्री ने कहा सैफई का सिंडिकेट करता था वसूली
-न युवा,न किसान,न नौजवान और न हीं विकास रहा उनके एजेंडे में
-भर्तियों में घोटाला वसूली करती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी
-अब फतेहपुर भी आकांक्षी नहीं प्रदेश की विकास यात्रा का हो रहा सहभागी
फतेहपुर(वंदना टाईम्स)। जिले की अयाह शाह एवं जहानाबाद विधानसभा की 489 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले विकास का कहीं नाम नहीं था।समाजवादी पार्टी के एजेंडे में न तो किसान थे न नौजवान थे।सपा खुलेआम गुंडई कर जमीनों पर कब्जा करती थी। विकास के लिए आने वाला धन सैफई में नाच गाने में खर्च किया जाता था।ऐसा वातावरण नहीं था कि प्रदेश में निवेश आए।सैफई का सिंडिकेट पैसा वसूली करता था और फतेहपुर भी उनका अड्डा बन गया था।आज प्रदेश विकास की राह पर है।पिछड़ा जनपद फतेहपुर भी स्वास्थ्य,शिक्षा,चिकित्सा,बिजली, पानी के साथ-साथ औद्योगिक निवेश में आगे बढ़ रहा है।जनपद अब प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी है न कि पिछड़ा।
अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से तकरीबन पौन घंटा विलंब से सभा स्थल मदारीपुर कला पहुंचे मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया।उन्होंने कहा कि जिले का इतिहास देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर साहित्य का रहा है। दोआबा की धरा में गणेश शंकर विद्यार्थी और सोहनलाल द्विवेदी जैसे सपूत पैदा हुए हैं।2017 से पहले जनपद आकांक्षी जनपद था जो निर्धारित पैरामीटर में सबसे पिछड़े जनपदों में था और विकास से कोसों दूर था।सैफई का सिंडिकेट विकास के पैसे को नाच गानों में खर्च करता था।औद्योगिक निवेश का नामोनिशान नहीं था।नौकरी पर डकैती पड़ती थी और चाचा भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी।भारतीय जनता पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश बदला है।युवाओं को नौकरी दी जा रही है।स्वास्थ्य,शिक्षा,चिकित्सा,बिजली,पानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किये जा रहे हैं।समाजवादी पार्टी की सरकार में युवा,किसान और विकास उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं था।आज प्रधानमंत्री के सबका विकास,सबका साथ एवं सबके विश्वास के साथ आगे बढ़ बिना भेदभाव के सभी जाति,धर्म के लोगों के लिए काम किया जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सपा जिन बातों को कहकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं उनके बारे में उन्होंने कभी सोचा ही नहीं।उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए कदम का जिक्र करते हुए कहा कि अब नकल माफिया जेल भी जाएंगे और मिट्टी में भी मिलेंगे।नीट परीक्षा का पेपर लीक करने वाले एनटीए के 37 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।कुछ गिरफ्तार किए गए हैं और उनकी संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।प्रधानमंत्री ने नयी आशा की नई किरण,नई शिक्षा नीति देकर नए कलेवर,नई शिक्षा व्यवस्था एवं नए भारत में देश का युवा दुनिया के देशों में सम्मान से देखा जाता है।प्रधानमंत्री का उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं से संवाद स्थापित कर एक नया रास्ता निकाला है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश डबल इंजन की सरकार में विकास के पर आगे बढ़ रहा है।नकल माफियाओं पर प्रहार करते हुए कहा कि सपा सरकार की तरह न तो नौकरी में खिलवाड़ होता और न बच्चों की पढ़ाई में।माफियाओं की जगह या तो जेल में होगी या फिर जहन्नुम में।उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में बिना भेदभाव के रोजगार मुहैया कराए जा रहे हैं।विकासकारी योजनाएं दी जा रही हैं जिसके चलते जिला आकांक्षी जनपद से आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बन रहा है।आज स्थिति यह हो गई है कि खाली जमीनों पर कब्जा करने वाले सपाई बेरोजगार घूम रहे हैं।समाजवादी पार्टी की विकास में कभी रुचि ही नहीं रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मुफ्त राशन,आवास,आयुष्मान कार्ड,रसोई गैस,कृषि दुर्घटना बीमा,फ्री सिंचाई,स्वच्छ पेयजल की अच्छी व्यवस्था की जा रही है। खेलकूद के माध्यम से भी गांव स्तर की प्रतिभाएं आगे आ रही हैं।उन्होंने कहा कि अभी अन्य विधानसभाओं में भी विकासकारी योजनाओं को दिया जाएगा। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज व हॉस्टल की सुविधा सहित पॉलिटेक्निक में ड्रोन,रोबोटिक,3D प्रिंटिंग एवं एआई की पढ़ाई की भी सौगात देने की बात कही।यह भी कहा कि हर विकास खंड पर हेलीपैड बनाने की भी योजना है।जनपद पहुंचे मुख्यमंत्री का प्रभारी मंत्री अजीत पाल,राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति,जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह,जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव विधायक विकास गुप्त,राजेंद्र सिंह पटेल,जय कुमार सिंह जैकी,राज्य मंत्री कृष्णा पासवान,पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह,राधेश्याम गुप्त,पूर्व विधायक विक्रम सिंह,जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स,पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्वागत किया।
