लाइसेंसी बंदूक से चली गोली बनी काल, बारात में एक की मौत

बारात में हर्ष फायरिंग से एक की मौत, चार घायल

लमेहटा गांव में हुआ हादसा, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

फतेहपुर (वी.टी.)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लमेहटा में रविवार देर रात एक बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग जानलेवा साबित हुई। लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से चली गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रात करीब 12:30 बजे डायल-112 को बारात में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना पर गाजीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों में धीरज केवट (50), निवासी औगासी थाना मरका जनपद बांदा, की उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य चार घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पास के गांव का सुमित तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लेकर बारात में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह ड्रोन की ओर बंदूक तानकर फायर करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान लोगों के रोकने पर जब वह बंदूक नीचे कर रहा था तभी अचानक गोली चल गई जिससे पांच लोग घायल हो गए।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

More From Author

2027 विधानसभा चुनाव: क्या सपा क्षत्रिय उम्मीदवारों पर लगाएगी दांव? पार्टी के भीतर शुरू हुआ मंथन”

ओवरलोड डंपरों पर पुलिस की कार्रवाई, वीडियो बनाने पर विवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *