फतेहपुर (वी.टी.)। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा चौकी इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपनी बहन की हत्या करने के बाद स्वयं पुलिस चौकी पहुंचकर अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार हसवा क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय संदीप यादव की बहन की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व राधानगर थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस के मुताबिक विवाह से पहले युवती का दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह कुछ समय पूर्व उसके साथ घर से चली गई थी। इसी बात को लेकर परिवार में नाराजगी और तनाव बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि संदीप यादव अहमदाबाद से घर आया था। वह अपनी बहन को ससुराल से मायके लाने के बहाने अपने साथ ले गया। रास्ते में दोनों के बीच बातचीत हुई जिसमें बहन के ससुराल वापस जाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने जंगल क्षेत्र में अपनी बहन का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया।
घटना के बाद आरोपी सीधे हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और कुएं से शव बरामद किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
