फतेहपुर (वी.टी.)। जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत किशोई गांव में खेत में एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान ने खेत में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतका की पहचान ग्राम प्रधान अजीत सिंह यादव की 75 वर्षीय मां के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वृद्ध महिला शाम के समय घास लेने खेत गई थीं लेकिन देर तक घर वापस नहीं लौटीं। खोजबीन के दौरान उनका शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव के ऊपरी हिस्से को ज्वलनशील पदार्थ से जलाकर क्षतिग्रस्त किए जाने की भी संभावना सामने आई है जिससे घटना और भी संदिग्ध हो गई है।
घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
