फतेहपुर(वी.टी)। खागा कोतवाली क्षेत्र के धर्मगतपुर नरवा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले युवक को गोली मारी उसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक का एक हाथ और एक पैर भी काट दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक बाजार से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक कर उसके फायर कर दिया। गोली लगने के बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची खागा कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
