शादी से इनकार पर उठाया कदम, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
फतेहपुर (वी.टी)। जिले के ललौली थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने युवक द्वारा शादी से इनकार किए जाने से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार में जुटे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी ललौली थाना क्षेत्र के हरियापुर गांव निवासी राजेश के साथ हुई थी। शादी के बाद करीब छह वर्ष तक वह ससुराल में रही। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक प्रदित्य पुत्र बलदेव के संपर्क में आई और उसके बहकावे में आकर लगभग चार वर्ष पूर्व उसके साथ कानपुर चली गई। तब से वह उसी के साथ रह रही थी। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए लेकिन अब वह शादी से इनकार कर रहा है। इस संबंध में महिला ने करीब 20 दिन पूर्व बिंदकी कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह युवक के गांव हरियापुर पहुंची जहां उसके साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप है। पीड़िता का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत ललौली थाने में भी की लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से आहत होकर उसने थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
