अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
फतेहपुर(वी.टी)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद का नाम रोशन करने वाली ताइक्वांडो खिलाड़ी रिचा राजपूत को सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित इंडिया ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर जिले को गौरवान्वित करने वाली खिलाड़ी रिचा राजपूत तथा ब्लैक बेल्ट व प्रशिक्षण कोच मनीषा राजपूत को ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के पदाधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि जनपद फतेहपुर को गौरवान्वित करने वाली ताइक्वांडो खिलाड़ियों पर पूरे जिले को गर्व है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन हर संभव प्रयास करता रहेगा और इस दिशा को लगातार विस्तारित किया जाएगा। उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला ने सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के समस्त विद्यालयों में ताइक्वांडो प्रशिक्षण अनिवार्य किए जाने की मांग जिला विद्यालय निरीक्षक से की जाएगी, जिससे छात्राओं में आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का विकास हो सके। सचिव राजकुमार ने कहा कि बेटियों को सशक्त बनाना ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर का कर्तव्य है और संगठन इस दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा। इस दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित करने वालों में अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, सलोनी मेहरोत्रा, उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव राजकुमार, संयुक्त सचिव भारत वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य तनुज बाजपेई, शिव कुमार, अभिषेक और अनिकेत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
