महिला सशक्तिकरण
फतेहपुर(वी.टी)। फिट इंडिया महिला सप्ताह 2026 के अंतर्गत रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहपुर में तृतीय दिवस का कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं ने नारी सम्मान रैली निकालकर महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। रैली में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और फिट रहने के साथ समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के बीच रस्सा कसी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया। इन प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को क्रीड़ाधिकारी फतेहपुर सुनील कुमार भारती द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया महिला सप्ताह का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाना है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहपुर के समस्त कोच एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
